मुंबई के मुलुंड पश्चिम इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान पिलर का भारी कंक्रीट स्लैब अचानक नीचे गिर गया। यह घटना एलबीएस रोड पर हुई, जहां से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा और एक कार पर स्लैब आ गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की भी सूचना है। (Big accident in Mumbai)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना दोपहर करीब 12:20 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज आवाज के साथ कंक्रीट का बड़ा हिस्सा नीचे गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व आपात सेवाओं को सूचना दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही Mumbai Fire Brigade, पुलिस, मेट्रो प्रशासन और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
इस दुर्घटना के बाद एलबीएस रोड पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने इलाके को घेरकर यातायात को डायवर्ट किया।
मेट्रो परियोजना के दौरान हुए इस हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य की निगरानी और सुरक्षा उपायों को लेकर नाराजगी जताई है।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्लैब गिरने के पीछे तकनीकी खामी, लापरवाही या किसी अन्य कारण की भूमिका थी। (Big accident in Mumbai)
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन ने मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। (Big accident in Mumbai)
Also Read: Maharashtra: 75 लाख से अधिक राशनकार्ड धारक को अब नहीं मिलेगा मुफ्त राशन !