ताजा खबरेंमहाराष्ट्रमुंबई

Dombivali :रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग, 29 बाइक जलीं; 5 लोग घायल

9
Dombivali :रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग

महाराष्ट्र के डोंबिवली पूर्व स्थित सागाव इलाके में रविवार सुबह एक रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना ठाणे जिले के चेडा नगर क्षेत्र में जय भारत स्कूल के पास स्थित ‘राज अपार्टमेंट’ और ‘रविकिरण सोसायटी’ की जुड़ी इमारतों की बेसमेंट पार्किंग में हुई। (Dombivali)

आग लगते ही इमारत में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग में खड़ी एक बाइक में अचानक आग लगी, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई। पास में खड़ी अन्य बाइकों और साइकिलों ने भी आग पकड़ ली। इस हादसे में कुल 29 बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग से उठता घना धुआं सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

आग बुझाने की कोशिश में पांच निवासी हल्के रूप से झुलस गए और धुएं से प्रभावित हुए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि समय रहते बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। (Dombivali)

घटना की सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा विस्तृत जांच जारी है।

इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने इमारत के निवासियों को सतर्क रहने और पार्किंग क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी है। घटना ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को उजागर कर दिया है।  (Dombivali)

Also Read: coastal road: BEST बस सेवाओं की कमी, यात्रियों ने जताई नाराजगी; रोज़ाना 50-100 ट्रिप की मांग

Recent Posts

Advertisement

ब्रेकिंग न्यूज़