मुंबई के लाखों यात्रियों के लिए एक अहम और राहत भरी खबर सामने आई है। मुंबई में उपनगरीय रेल नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए रेलवे द्वारा कई बड़े प्रोजेक्ट्स लागू किए जा रहे हैं। इन सभी परियोजनाओं पर कुल 18,364.94 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। इन योजनाओं का उद्देश्य यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भीड़ कम करना, यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाना है। (Local Train Upgrade)
मुंबई की लोकल रेल सेवा इस समय मुख्य मार्ग पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कर्जत–खोपोली और कसारा तक, हार्बर मार्ग पर सीएसएमटी से पनवेल और बांद्रा तक, ट्रांस-हार्बर मार्ग पर ठाणे से पनवेल तक संचालित है। इसके अलावा पश्चिम रेलवे पर चर्चगेट से दहानू और गोरेगांव से सीएसएमटी तक लोकल सेवाएं चल रही हैं।
हाल ही में यात्रियों की सुविधा के लिए नेरुल/बेलापुर–उरण मार्ग पर 10 अतिरिक्त लोकल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही तरघर और गव्हाण नामक दो नए स्टेशन भी चालू किए गए हैं। इसके बाद अब मध्य और पश्चिम रेलवे पर कई नए प्रोजेक्ट्स शुरू किए जा रहे हैं।
मध्य रेलवे के प्रमुख प्रोजेक्ट
पहला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–कुर्ला 5वीं और 6वीं लाइन परियोजना। यह परियोजना MUTP-II के तहत लागू की जा रही है। इसकी कुल लंबाई 17.5 ट्रैक किलोमीटर है और अनुमानित लागत करीब 891 करोड़ रुपये है।
यह प्रोजेक्ट दो चरणों में पूरा होगा। पहला चरण परेल से कुर्ला के बीच 10.1 किलोमीटर का है, जिसे दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। दूसरा चरण परेल से सीएसएमटी तक 7.4 किलोमीटर का होगा।
इस परियोजना से लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए ट्रैक क्षमता बढ़ेगी, भीड़ और देरी में कमी आएगी तथा ट्रेनों की समयपालन क्षमता बेहतर होगी। (Local Train Upgrade)
दूसरा अहम प्रोजेक्ट है पनवेल–कर्जत उपनगरीय कॉरिडोर। MUTP-III के तहत यह 29.6 ट्रैक किलोमीटर लंबा प्रोजेक्ट है, जिस पर करीब 2,782 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फिलहाल मिट्टी भराई, सुरंगों और पुलों का काम तेजी से चल रहा है और इसे भी दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। (Local Train Upgrade)
इस कॉरिडोर के शुरू होने से पनवेल और कर्जत के बीच यात्रा का समय घटेगा, नया वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और लोकल सेवाओं की संख्या बढ़ाई जा सकेगी। कुल मिलाकर ये परियोजनाएं मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल रेल सेवा को नई मजबूती देंगी।
Also Read: BMC Candidate Finalisation: तेज हुई हलचल, मनसे और शिवसेना (UBT) में उम्मीदवारों पर अंतिम मुहर