मुंबई: मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव से पहले महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा महापालिका चुनाव के लिए गठबंधन की औपचारिक घोषणा किए जाने के तुरंत बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। शिंदे ने BMC चुनाव के लिए अपनी पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। (Mumbai Elections)
ठाकरे भाइयों की इस राजनीतिक एकता को भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) के लिए बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिंदे गुट ने चुनावी रणनीति को तेज करते हुए अनुभवी और प्रभावशाली नेताओं को मैदान में उतारने की तैयारी शुरू कर दी है।
स्टार प्रचारकों की इस सूची में खुद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय और राज्य मंत्री, सांसद, विधायक, प्रवक्ता और युवा नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह टीम मुंबई के अलग-अलग वार्डों में जाकर प्रचार करेगी और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी।
राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने हाल ही में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मनसे और शिवसेना (उद्धव गुट) के गठबंधन की घोषणा की थी। ठाकरे भाइयों के एक साथ आने से मराठी मतदाताओं को साधने की कोशिश मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस गठबंधन से मुंबई की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।
वहीं, एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और मुंबई की जनता के सामने विकास, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के कामकाज के आधार पर जनता उनका समर्थन करेगी। (Mumbai Elections)
भाजपा और शिंदे गुट के नेताओं ने ठाकरे भाइयों की युति पर निशाना साधते हुए इसे अवसरवादी गठबंधन बताया है। उनका कहना है कि यह गठबंधन केवल चुनावी फायदे के लिए किया गया है और इसका कोई वैचारिक आधार नहीं है।
BMC चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जहां ठाकरे भाई एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति बना रहे हैं, वहीं शिंदे गुट और भाजपा ने भी आक्रामक प्रचार की योजना तैयार कर ली है।
आने वाले दिनों में मुंबई की राजनीति और गर्माने की संभावना है। स्टार प्रचारकों की सूची जारी होने के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि BMC चुनाव में जनता किसे अपना समर्थन देती है। (Mumbai Elections)
Also Read: Pune New Year Celebration: 31 दिसंबर की रात पब-रेस्टोरेंट सुबह 5 बजे तक खुले रहेंगे