Mumbai Rain : महाराष्ट्र के कई हिस्सों में रविवार, 25 मई की सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मुंबईवासियों की सुबह तेज़ बारिश और अंधेरे बादलों के बीच हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, पुणे और कोंकण के तटीय इलाकों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष मानसून सामान्य से पहले दस्तक दे सकता है और फिलहाल जो बारिश हो रही है, वह उसी के शुरुआती संकेत हैं।
मुंबई में सुबह से ही मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात पर असर पड़ा है और लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। बेस्ट बस सेवाओं में भी रूट डायवर्जन किया गया है, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके। शहर के लोग ऑफिस और स्कूल के लिए निकलने में परेशानी महसूस कर रहे हैं।(Mumbai Rain)
आईएमडी के मुताबिक, अगले 24 घंटे बेहद अहम हैं क्योंकि भारी बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे समुद्र किनारे के इलाकों में खतरे की स्थिति बन सकती है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है और कोस्ट गार्ड को सतर्क किया गया है।
पुणे और रायगढ़ जैसे इलाकों में भी बादल छाए हुए हैं और बारिश जारी है। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जहां एक ओर गर्मी से राहत महसूस की जा रही है, वहीं दूसरी ओर बारिश की वजह से जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली की कटौती जैसे समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्री-मानसून एक्टिविटी है और अगर इसी तरह का पैटर्न रहा, तो जून के पहले सप्ताह में ही महाराष्ट्र में मानसून की औपचारिक शुरुआत हो सकती है।(Mumbai Rain)
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें और मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट्स पर नज़र रखें। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
Also Read : Andheri News : महिला वकील के साथ हुई छेड़छाड़