Kandivali Gas Crisis: मुंबई के कांदिवली लोखंडवाला इलाके में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने उग्र रूप ले लिया है। पिछले कई दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति ठप होने से नाराज सैकड़ों स्थानीय निवासियों ने रविवार को 120 फीट रोड पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि गुस्से में आए कुछ उपभोक्ता बेस्ट (BEST) बसों के आगे सड़क पर लेट गए, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। (Kandivali Gas Crisis)
लालजी गैस एजेंसी पर भ्रष्टाचार और धांधली के आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का सीधा निशाना स्थानीय ‘लालजी गैस एजेंसी’ पर है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि इलाके में गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि एजेंसी जानबूझकर सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग कर रही है। निवासियों ने बताया कि वे रोजाना चिलचिलाती धूप में घंटों कतारों में खड़े रहते हैं, लेकिन गैस की गाड़ी नहीं आती। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कई ग्राहकों के मोबाइल पर सिलेंडर ‘डिलीवर’ होने का मैसेज भी आ जाता है, जबकि उन्हें असल में सिलेंडर मिला ही नहीं होता।
बिना OTP के ब्लैक में बिक रहे सिलेंडर?
स्थानीय लोगों का दावा है कि गैस एजेंसी बिना ओटीपी (OTP) के सिलेंडर बाहरी लोगों को ऊंचे दामों पर बेच रही है। जब कोई उपभोक्ता इसकी शिकायत करने ऑफिस पहुंचता है, तो वहां मौजूद कर्मचारी डराते-धमकाते हैं। एक पीड़ित ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पुलिस बुलाने पर एजेंसी ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उनके सीसीटीवी कैमरे खराब हैं।
प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर जनता का गुस्सा
पिछले छह दिनों से महिलाएं और पुरुष अपना काम छोड़कर लाइन में लग रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब वे मजबूर होकर सड़क जाम करते हैं, तभी प्रशासन की नींद टूटती है। घंटों के हंगामे के बाद समता नगर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाकर रास्ता साफ कराया। (Kandivali Gas Crisis)
क्या है जनता की मांग?
कांदिवली लोखंडवाला की जनता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि:
लालजी गैस एजेंसी का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाए।
सभी उपभोक्ताओं का कनेक्शन किसी दूसरी विश्वसनीय एजेंसी में ट्रांसफर किया जाए। (Kandivali Gas Crisis)
गैस की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
Also Read: Mumbai Home Theft Alert: सावधान मुंबईकर! वेकेशन पर जाने से पहले सोशल मीडिया पर न करें ये गलती