मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन के नेटवर्क पर मंगलवार शाम एक ऐसी घटना घटी, जिसने हजारों यात्रियों की सांसें अटका दीं। मुंबई के सबसे व्यस्त सीएसएमटी (CSMT) स्टेशन पर दो लोकल ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आ गईं। गनीमत रही कि मोटरमैन की सूझबूझ और सिग्नल सिस्टम की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। (Mumbai Local News)
कैसे हुआ यह वाकया?
घटना दोपहर लगभग 3:18 बजे की है। जानकारी के अनुसार, बदलापुर से आने वाली एक फास्ट लोकल को तकनीकी गलती के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 5 की ओर मोड़ दिया गया। हैरानी की बात यह थी कि उस प्लेटफॉर्म पर पहले से ही एक दूसरी लोकल ट्रेन खड़ी थी।
जैसे ही मोटरमैन को सामने दूसरी ट्रेन दिखाई दी, उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए। दोनों ट्रेनों के बीच की दूरी महज 130 मीटर रह गई थी। अगर समय रहते ब्रेक न लगते, तो मुंबई ने आज एक भयावह मंजर देखा होता।
स्टेशन मास्टर पर गिरी गाज
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्राथमिक जांच के बाद, संबंधित स्टेशन मास्टर को निलंबित (Suspend) कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह एक गंभीर सुरक्षा चूक थी और इसकी विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
यात्री परेशान, घंटों बाधित रही सेवा
इस घटना के बाद CSMT के प्लेटफॉर्म नंबर 5 से 8 तक की रेल सेवा पूरी तरह ठप हो गई। शाम के पीक ऑवर में ट्रेनें रुकने से स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेनों को पीछे लेने और ट्रैक क्लियर करने में काफी समय लगा, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया। (Mumbai Local News)
रेलवे का पक्ष
मध्य रेलवे के अनुसार, “CSMT इंटरनल होम सिग्नल ‘लाल’ स्थिति में था, जिसके कारण मोटरमैन ने ट्रेन रोक दी। दोनों ट्रेनों के बीच सुरक्षित अंतर बना हुआ था और किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।” (Mumbai Local News)
Also Read: Mumbai Metro Line 8: अब चुटकियों में तय होगा मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट का सफर