महाराष्ट्र (Maharastra) में भारी बारिश के कारण काफी ज्यादा तबाही मची है। भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र में भूस्खलन और जलजमाव की घटनाएं देखने को मिली। प्रदेश के 11 ज़िलों बाढ़ की चपेट में आ गए। वहीं बाढ़ के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
पिछले दो दिनों से सीएम ठाकरे बाढ़ ग्रस्त कोंकण के क्षेत्रों का दौरा कर रहे थे। वहीं आज राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी पश्चिम महाराष्ट्र के बाढ़ ग्रस्त सांगली जिले का दौरा किया था। अब महाराष्ट्र सरकार ने बाढ़ ग्रस्तों के लिए आर्थिक मदद और राशन को लेकर बड़ी घोषणा की है।
आज बाढ़ ग्रस्तों की मदद को लेकर राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक हुई थी। इस बैठक के बाद महाविकास आघाडी सरकार में मंत्री विजय वडट्टीवार ने बाढ़ ग्रस्तों की मदद को लेकर सरकार द्वारा लिए गए फैसले के बारे में मीडिया को जानकारी दी है।
विजय वडट्टीवार ने बताया कि, ‘राज्य सरकार की तरफ से जिन लोगों के घर और दुकानों में पानी घुसा था। ऐसे पीड़ितों को राज्य सरकार 10 हजार रुपयों की फौरन आर्थिक मदद देगी। वहीं अन्य बाढ़ पीड़ितों को राज्य सरकार राशन खरीदने के लिए 5 हजार रुपये देगी। सरकार द्वारा राशन में 10-10 किलो गेंहू/चावल, 5-5 किलो दाल/केरोसिन दिया जाएगा।
इस मुश्किल भरे दौर में राज्य सरकार से बाढ़ पीड़ितों को जल्द से जल्द मदद देने की अपेक्षा थी। सरकार ने भी ज्यादा समय ना लेते हुए आज बाढ़ ग्रस्तों के लिए मदद का एलान भी कर दिया। इससे पहले राज्य सरकार में मंत्री जीतेन्द्र आव्हाड भी घोषणा कर चुके हैं कि, ‘भूस्खलन में क्षतिग्रस्त घरों को म्हाडा की तरफ से बनाया जाएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या इस मदद से बाढ़ पीड़ितों की जिंदगी फिर से पटरी पर लौट पाएगी?
Reported By – Rajesh Soni
Also Read –केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ महाराष्ट्र में हुआ प्रदर्शन