मुम्बई (Mumbai) में आज सुबह से तेज बारिश (Rain) हो रही है। वहीं कल रात भर पूरे मुम्बई में भारी बारिश हुई। कल रात 8 बजे से लेकर आज सुबह 8 बजे तक दक्षिण मुम्बई के कोलाबा इलाके में 79.66 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। वहीं मुम्बई के पश्चिम उपनगर में 92.38 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड हुई है। इसके अलावा पूर्व उपनगर में 89.30 मिलीमीटर बरसात दर्ज हुई।
इस भारी बरसात को लेकर मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि, ‘पिछले 11 दिनों में हुई बरसात लगभग एक महीने के बराबर है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबकि पूरे जून महीने में शहर में 505 मिलीमीटर बरसात की अपेक्षा थी। लेकिन 11 जून तक ही मुम्बई में 543 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। वहीं अब शुक्रवार रात से मंगलवार तक मौसम विभाग ने 200 मिलीमीटर बरसात को अनुमान लगाया है। इसी वजह से प्रशासन को अगले कुछ घन्टे बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। अगले 4 से 5 घंटों में मुम्बई में भारी बरसात की आशंका है।
मालूम हो कि रेलवे ट्रैक पर पानी भरने की वजह से कुर्ला और सायन के बीच रेल यातायात ठप पड़ चुकी थी। सेंट्रल लाइन के कई रेलवे स्टेशनों पर पानी भर गया था। इसी वजह से दादर से कुर्ला और कुर्ला से सायन के बीच ट्रेन सेवा को बंद कर दिया गया था। हालांकि अब इस रूट पर रेल सेवा को बहाल कर दिया गया है।
वहीं आज मौसम विभाग मुम्बई और ठाणे एवं आस पास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। जबकि कोंकण के रत्नागिरी और रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब अगले कुछ घंटों में मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलें में भारी बरसात की आशंका है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के अगल बगल कम दबाव वाले क्षेत्र के पैदा होने और वहां से पश्चिम ली ओर चलने वाली हवाओं की वजह से ख़ासकर मुम्बई, ठाणे सहित रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए रविवार को रेड अलर्ट जारी किया है। रविवार को पूरे राज्य में 204.5 मिलीमीटर तक बरसात का अनुमान है।
वहीं रायगढ़ और रत्नागिरी दोनों जिलों में तो शनिवार और रविवार दो दिन का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मुम्बई में मंगलवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। वहीं बीएमसी ने मुंबईकरों को घरों में रहने की सलाह दी है। और समुद्री किनारों के पास नहीं जाने की सलाह भी दी है।
रात से हो रही तेज बरसात के कारण मुम्बई के कई इलाकों में आज भी जलभराव की समस्या देखी गई। जिकसी वजह से ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। भारी बरसात के मद्देनजर बीएमसी भी अलर्ट मोड पर दिखाई दे रही है।
खतरे को देखते हुए एनडीआरएफ, तटरक्षक दल, भारतीय नौसेना को अलर्ट रहने के आदेश दिए गए है। इसके अलावा बेस्ट परिवहन, अडानी और एलेक्ट्रिकसिटी के सभी सब स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया। वहीं पुलिस, दमकल, सूचना, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे अलग-अलग विभागों के आयुक्तों को बीएमसी के मुख्यालय में उपस्थित रहने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं।
मुम्बई से सटे पालघर जिले में भी भारी बरसात का अनुमान है। पालघर के वसई, विरार और नालासोपारा में अगले 48 घंटों में मूसलाधार बरसात का अनुमान है। इसके अलावा उत्तर महाराष्ट्र और विदर्भ के कई इलाकों में भारी बरसात का अनुमान जताया जा रहा है। अगले 4 से 5 दिनों में महाराष्ट्र के समुद्री किनारे में प्रतिदिन भारी बारिश का अंदाज मौसम विभाग ने जताया है।
Report by : Rajesh Soni
Also read : कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है-शिवसेना