मुम्बई (Mumbai) से नवी मुम्बई, पनवेल और पुणे (Pune) जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। क्योंकि बहुप्रतीक्षित घाटकोपर-मानखुर्द लिंक फ्लाइओवर बनकर तैयार हो गया है। इस फ्लाईओवर से यात्रियों का सफर आसान और आरामदायक हो जाएगा। बीएमसी द्वारा बनाए गए 2.90 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के कारण मुम्बई से नवी मुम्बई, पनवेल और पुणे जाने वाले यात्रियों का 30 मिनट का समय बचेगा। वहीं पूर्वी उपनगर में ट्रैफिक समस्या भी काफी हद तक कम होगी।
बता दें कि, 25 जुलाई को फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। लेकिन फ्लाईओवर के शुभारंभ के लिए थोड़ा समय लगेगा। जिसके कारण आम आदमी को इस फ्लाईओवर पर सफर करने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। क्योंकि इस समय राज्य के सीएम उद्धव ठाकरे और उनके बेटे एवं सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे हैं। इस वजह से अब तक शुभारंभ का काम अटका पड़ा हुआ है।
वहीं इस फ्लाईओवर के नामकरण को लेकर भी भाजपा और शिवसेना के बीच जमकर राजनीति हुई थी। शिवसेना सांसद राहुल शेवाले ने फ्लाईओवर का नाम एक सूफी संत के नाम पर रखने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। जबकि भाजपा सांसद मनोज कोटक ने फ्लाईओवर का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखने की मांग की थी।
अब इस फ्लाईओवर का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के ऊपर रख दिया गया है।
इस फ्लाइओवर के कारण शिवाजी नगर जंक्शन, बैगनवाड़ी जंक्शन, देवनार डंपिंग ग्राउंड, फायर ब्रिगेड व मोहिते- पाटील क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। क्योंकि अभी लोग इस क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या से परेशान हैं। फ्लाइओवर का सफर आसान बनाने के लिए बीएमसी ने पहले 24.2 मीटर बेसमेंट कास्टिंग तैयार कर पुल का निर्माण किया है।
Report by : Rajesh Soni
Also read :पुणे में अनलॉक को लेकर अगले 2 से 3 दिन में होगा फैसला-गृहमंत्री पाटिल